जागरण संवाददाता रेवाड़ी जिले के विद्यालयों को वार्षिक खेल कैलेंडर जारी होने का इंतजार
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी:
जिले के विद्यालयों को वार्षिक खेल कैलेंडर जारी होने का इंतजार है। आमतौर पर नया शैक्षणिक सत्र आरंभ होते ही पूरे साल की खेल गतिविधियों का कार्यक्रम जारी होना चाहिए लेकिन शिक्षा निदेशालय की ओर से अभी तक खेल कैलेंडर जारी नहीं किया गया है। ऐसे में विद्यार्थियों के साथ विभिन्न विद्यालयों के शारीरिक शिक्षक भी कैलेंडर जारी होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बहुत से विद्यार्थी ऐसे हैं जो पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़चढ़कर हिस्सा लेते हैं। विभिन्न खेलों से जुडे हुए विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं के आरंभ होने का इंतजार रहता है।
हर साल जुलाई जारी हो जाती थी सूची:
शिक्षा विभाग की ओर से हर साल जुलाई माह में खेल कैलेंडर जारी कर दिया जाता था। पिछले दो साल से कोरोना महामारी के चलते आयोजन हुए ही नहीं। इस बार सब बंदिेशें हट गईं हैं तो खेल गतिविधियां भी संचालित हो रही हैं। राज्य और राष्ट्रीय के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर तक की खेलकूद प्रतियोगिताएं चल रही हैं। ऐसे में स्कूल खेल गतिविधियां भी संचालित होने की संभावना जताई जा रही हैं। विद्यालयों में प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर विभिन्न आयु वर्ग में अंडर आठ, 12, 14, 17 और 19 आयु वर्ग की स्पर्धाएं होती हैं। ब्लाक, जोनल, जिला, राज्य और राष्ट्रीयस्तर की प्रतियोगिताओं के लिए विद्यार्थियों में काफी उत्साह रहता है।
सरकारी विद्यालय के विद्यार्थियों में रहती है स्पर्धा:
शिक्षा विभाग की ओर से सरकारी विद्यालयों के बच्चों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। जिले के विद्यालयों के विद्यार्थियों में नेटबाल, बाक्सिग, हाकी, फुटबाल, वुशु, एथलेटिक्स आदि खेलों में बेहतर प्रदर्शन रहा है। नेटबाल में तो जिले के खिलाड़ी राज्यस्तर पर विजेता रह चुके हैं।
परीक्षाओं में व्यस्त हो जाएंगे विद्यार्थी:
जल्द खेल कैलेंडर जारी नहीं हुआ तो विद्यार्थी अर्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारियों में व्यस्त हो जाएंगे। अगस्त-सितंबर माह में परीक्षाएं आरंभ हो जाती हैं। इसके अलावा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी आरंभ होती हैं। ऐसे में बहुत से विद्यार्थी खेलों में भाग नहीं ले पाएंगे।
————
अभी खेल कैलेंडर जारी नहीं किय गया है। उच्च विभाग द्वारा जिले में सहायक शिक्षा अधिकारी (खेल) की रिक्त पदों की सूची मांगी गई है। उम्मीद है जल्द खेल गतिविधियों का कार्यक्रम भी जारी हो जाएगा।
– भूपेंद्र यादव, कार्यवाहक शिक्षा अधिकारी (खेल), रेवाड़ी
Copyright © 2022 Jagran Prakashan Limited.
source